Thursday, December 24, 2009

कवि कैलाश वाजपेयी को वर्ष 2009 का साहित्य अकादमी पुरस्कार

23 दिसम्बर 2009 । नई दिल्ली


कैलाश वाजपेयी
भारतीय भाषाओं में मौलिक साहित्य लेखन को प्रोत्साहित करने हेतु दिये जाने वाले प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कल एक प्रेस-वार्ता आयोजित करके की गई। हिन्दी के लिए यह पुरस्कार हिन्दी के वरिष्ठ कवि, चिंतक और विचारक कैलाश वाजपेयी को इनके कविता-संग्रह 'हवा में हस्ताक्षर' के लिए प्रदान किया गया।

कविता की 8 पुस्तकों, लघुकथा की 6 पुस्तकों, 4 उपन्यासों, 4 आलोचना पुस्तकों, एक निबंध-संग्रह और एक नाटक को इस वर्ष का साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया गया है।

ये पुरस्कार अकादमी प्रमुख सुनील गंगोपाध्याय की अध्यक्षता में निर्णायक मंडल में शामिल 24 भारतीय भाषाओं के विद्वानों की अनुशंसा और उसके बाद अकादमी के कार्यकारी बोर्ड के अनुमोदन के बाद तय किये गये।

पुरस्कार के लिए पुस्तकों के चुनाव हर भाषा के लिए चुने गये तीन निर्णायकों की सर्वसम्मति या अधिकतम सहमति से हुआ। इस अवार्ड के लिए 1 जनवरी 2005 से 31 दिसम्बर 2007 के मध्य प्रकाशित पुस्तकों (कृतियों) को सम्मिलित किया गया था।

साहित्य अकादमी के सचिव अग्रहार कृष्णमूर्ति ने पत्रकारों को बताया कि ये पुरस्कार सम्मानित लेखकों को आगामी 16 फरवरी 2010 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक समारोह में दिये जायेंगे। पुरस्कार मंजूषा के रूप में होगा जिसमें नाम लिखा हुआ ताम्रपत्र और रु 50,000 का चेक सम्मिलित होगा।

इस बार सबसे अधिक कविता की पुस्तकों को सम्मानित किया गया। अकविता के इस दौर में कविता को यह सम्मान मिलना दुर्लभ है। कैलाश वाजपेयी के अतिरिक्त सम्मानित होने वाले अन्य कवियों के नाम हैं- प्रद्युम्न सिंह 'जिन्द्राहिया' (डोंगरी), जस फर्नांडिस (कोंकणी), रघु लीशड़थम (मणिपुरी), वसंत आबाजी डहाके (मराठी) फणि मोहांती (ओड़िया) दमयंती बेसरा (संथाली) और पुविआरसू (तमिल)।

कवियों के बाद 6 कथाकारों वैदेही (कन्नड), दिवंगत मनमोहन झा (मैथिली), समीरण क्षेत्री 'प्रियदर्शी' (नेपाली) मेजर रतन जांगिड़ (राजस्थानी), प्रशस्य मित्र शास्त्री (संस्कृत) और आनंद खेमानी (सिंधी) को साहित्य अकादमी पुरस्कारों के लिए चुना गया।

प्रसिद्ध उपन्यासकारों ध्रूबज्योति बोरा (आसामी), स्वर्गीय मनोरंजन लाहरी (बोडो), यू॰ए॰ खादर (मलयालम) और यार्लागद्दा लक्ष्मी प्रसाद (तेलगू) के उपन्यासों को साहित्य अकादमी पुरस्कार 2009 से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

सचिव अग्रहार कृष्णमूर्ति ने आगे बताया कि वर्ष 2009 के साहित्य अकादमी पुरस्कारों के लिए आलोचना की 4 पुस्तकों को भी चुना गया है जिसके लिए चतुर्वेदी बद्रीनाथ (अंग्रेज़ी), शीरिष पांचाल (गुजराती), मशाल सुल्तानपुरी (कश्मिरी) और अब्दुल कलाम क़ासमी (उर्दू) को चुना गया है।

इनके अतिरिक्त सौरीन भट्टाचार्य (बंगाली) को इनके निबंध संग्रह और आत्मजीत (पंजाबी) को इनके नाटक के लिए वर्ष 2009 का साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।