Showing posts with label Dr Vijay Kumar. Show all posts
Showing posts with label Dr Vijay Kumar. Show all posts

Tuesday, February 16, 2010

आनंदम की दूसरी विचार गोष्ठी


आनंदम ने नए वर्ष से अपनी गतिविधियों में एक और अध्याय की जो शुरूआत की थी उसी कड़ी में 5 फरवरी 2010 को कस्तूरबा गाँधी मार्ग स्थित मैक्स इंश्योरेंस के सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया जिसमें मेडिकल एथिक्स पर चर्चा की गयी। इस गोष्ठी में शिरकत करने वालों के नाम इस प्रकार है: सर्व श्री मुनव्वर सरहदी, रमेश भम्भानी, गुलाबराय, रमेश धर्मदासानी, भूपेंद्र कुमार, जगदीश रावतानी, मनमोहन तालिब, शैलेश सक्सेना, रविंदर शर्मा रवि, श्रीमती दिनेश आहूजा, तरुण रावतानी, साक्षात भसीन, पीसीएस कन्नौजिया , रामनिवास "इंडिया" एवं सत्यवान।



सबसे पहले आनंदम के अध्यक्ष जगदीश रावतानी ने उपस्थित प्रतिभागियों का स्वागत किया एवं विषय प्रवेश करते हुए कार्यक्रम के स्वरुप से सभी को अवगत कराया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ विजय कुमार ने मेडिकल एथिक्स पर अपना आलेख प्रस्तुत किया एवं डॉक्टरों के कर्तव्यों व मरीजों के हकों से अवगत कराते हुए डॉक्टरों की प्राथमिकताओं, न्याय, निदान में चूक और लापरवाही, धर्म व जाति आधारित भेदभाव की मनाही एवं मर्सी किलिंग आदि विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद कई बातों पर गर्मागर्म चर्चा भी हुई जैसे मेडिक्लेम होने पर बिल बढ़ाने के चक्कर में अस्पतालों द्वारा ज्यादा दिनों के लिए मरीज की भर्ती, अनावश्यक रूप से वेंटिलेटर पर रखे रखना, व्यस्तता के रहते मरीज को उचित समय न देना इत्यादि। प्रतिभागियों ने कई सवाल भी पूछे और ससामूहिक चर्चा में भाग ले कर गोष्ठी को जीवंत बना दिया। गोष्ठी के अंत में श्री जगदीश रावतानी ने सबका धन्यवाद किया।

Monday, June 15, 2009

संध्या भगत की उपस्थिति में आनंदम की काव्य-संध्या

नई दिल्ली। आनंदम् की 11वीं काव्य गोष्ठी हमेशा की तरह पश्चिम विहार में जगदीश रावतानी जी के निवास स्थान पर संपन्न हुई। पिछली गोष्ठी में जहाँ कवि राकेश खंडेलवाल वाशिंगटन, अमरीका से पधारे थे, वहीं इस बार भी अमरीका के अटलांटा नगर से श्रीमती संध्या भगत की उपस्थिति ने गोष्ठी को अंतर-राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान कर दिया।

कार्यक्रम के चर्चा सत्र में "कविता एवं ग़ज़ल का समाज के प्रति योगदान" विषय पर डॉ. विजय कुमार ने अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि काव्य के माध्यम से कही हुई बातों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रेम सहजवाला ने इस विषय पर अपने विचार रखते हुए इस बात को रेखांकित किया कि साहित्य को समाज की जितनी सेवा करनी चाहिए उतनी कई कारणों से हो नहीं पा रही। जगदीश रावतानी ने इस चर्चा को व्यावहारिक मोड़ देते हुए कहा कि हम सभी साहित्यकारों को अपने लेखन के द्वारा समाज में घट रही भ्रष्टाचार की घटनाओं को भी उजागर कर सरकार तक अपनी बात कारगर ढंग से पहुँचानी चाहिए। उदाहरण के लिए आजकल खान-पान की वस्तुओं जैसे दूध, अनाज व फल-सब्जियों तक में जहरीले ससायन मिलाए जा रहे हैं, ऐसे विषयों पर भी रचनाएँ लिखकर विभन्न माध्यमों में प्रकाशित करवाई जाएँ।

दूसरे सत्र में काव्य गोष्ठी शुरू करने से पहले हाल ही में दिवंगत कवियों सर्वश्री ओम प्रकाश आदित्य, नीरज पुरी और लाड सिंह गुज्जर की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। जगदीश रावतानी ने श्रद्धांजलि स्वरूप ओम प्रकाश आदित्य की एक हास्य रचना भी सुनाई। तत्पश्चात उपस्थित कवियों ने अपनी रचनाओं से लोगों का मन मोह लिया। कुछ रचनाएँ देखें-

जगदीश रावतानी-आनंदम के साथ प्रेमचंद सहजवाला
नईम बदायूँनी-
हमसे ज़िक्रे बहार मत कीजे
हमने देखा नहीं बहारों को

मजाज़ अमरोही-
तूने अए चारागर नहीं देखा
देखना था मगर नहीं देखा

दर्द देहलवी
दर्द देहलवी-
पहले तो चरागों की कमी से थे परेशाँ
अब इतना उजाला है दिखाई नहीं देता

डॉ. विजय कुमार-
कुछ तो दीदार की ऐ हमनवा सूरत निकले
फिर तेरी याद ने तूफान उठा रक्खा है

जगदीश रावतानी-
था ये बेहतर कि क़त्ल कर देते
रोते-रोते मरा नहीं होता
क्यों ये दैरो हरम कभी गिरते
आदमी गर गिरा नहीं होता

भूपेन्द्र कुमार-
है मुश्किल यूँ ख़ुदा की बंदगी में ख़ुद को पा लेना
मगर कहते हैं अब तो ख़ुद को ही अवतार चुटकी में
है इक अरसा लगा मुझे ग़ज़ल का फ़न समझने में
नमन करता हूँ उनको जो कहें अशआर चुटकी में

मनमोहन शर्मा तालिब-
सच्चाई के होठों पे फरिश्तों की दुआ है
सच्चाई का नाम ही ज़माने में ख़ुदा है

प्रेमचंद सहजवाला-
शोरीदा शहर में मुझे आता है ये ख़याल
दिल में ज़रा सी देर को उज़्लत बनी रहे

पंडित प्रेम बरेलवी-
आदमी आदमी को कुचलने लगा
दिल करे भी तो क्या अब करे जुस्तजू

सत्यवान-
दम तोड़ती है कला मेरी रद्दी काग़ज़ के पन्नों पर
वो सजे मंच तालियों की गूँज,
बनते हैं कैसे कलाकार मैं क्या जानूँ

ओ.पी. बिश्नोई सुधाकर-
पेड़ उगाकर हरे भरे, हरियाली को लाएँगे
जीवों की करेंगे रक्षा, सुखद पर्यावरण बनाएँगे

मुनव्वर सरहदी
साक्षात भसीन-
आँखों में तैरते ख़ून को, हमने यूँ पढ़ के देखा है
नामुमकिन टलता हादसा, जिसे होने से रोका है

संध्या भगत-
मुझको भी कोख में पलने दे
माँ, मेरा भी ये वास है
सात सपूतों वाली ये माँ
इक आँगन की फिर भी आस है

मुनव्वर सरहदी-
जो तेरी तस्बीह के दाने मुनव्वर रोक है ले
वो तेरा दुश्मन है, ऐसे आश्ना को छोड़ दे

इसके अतिरिक्त फ़ख़रुद्दीन अशरफ तथा शैलेश सक्सैना ने भी अपनी उम्दा रचनाएँ प्रस्तुत की जिन्हें इस गोष्ठी की रिकॉर्डिंग में सुना जा सकता है।


फ़ख़रुद्दीन अशरफ


शैलेश सक्सैना

Tuesday, April 21, 2009

22 कवियों की उपस्थिति में आनंदम की नौवीं गोष्ठी सम्पन्न


हर महीने के दूसरे रविवार को दिल्ली का पश्चिम-विहार इलाका कवियों की शब्दताल पर थिरकता है। अवसर होता है आनंदम संस्था की मासिक काव्य-गोष्ठी का। यह गोष्ठी विगत् 9 महीनों से आयोजित हो रही है। दिल्ली के आसापास और कई बार काफी दूर के कवि भी इस कविता-पूजन के लिए जमा होते हैं। कुछ अपनी सुनाते हैं और कुछ औरों की सुनते हैं। नौवीं आनंदम काव्य गोष्ठी 12 अप्रैल 2009 को संस्था-प्रमुख जगदीश रावतानी के निवास स्थान पर संपन हुई । इसमे अनुराधा शर्मा, संजीव कुमार, साक्षात भसीन, मुनव्वर सरहदी, दरवेश भरती, मनमोहन तालिब, ज़र्फ़ देहलवी, डॉ॰ विजय कुमार, शिलेंदर सक्सेना, प्रेमचंद सहजवाला, शहादत अली निजामी, दर्द देहलवी, मजाज़ साहिब, नूर्लें कौसर कासमी, रमेश सिद्धार्थ, अख्तर आज़मी, अहमद अली बर्की, दीक्षित बकौरी, डॉ शिव कुमार, अनिल मीत, इंकलाबी जी और जगदीश रावतानी जैसे नये-पुराने कवि शरीक हुए। गोष्ठी की अध्यक्षता दरवेश भरती ने की । संचालन जगदीश रावतानी ने किया।

एक सार्थक बहस भी की गयी जिसका विषय था "साहित्य की दशा और दिशा" जिसमें डॉ रमेश सिद्धार्थ, डॉ विजय कुमार, कुमारी अनुराधा शर्मा और डॉ॰ दरवेश भारती ने अपने विचार रखे।

काव्य गोष्ठी की शुरूआत से पहले ये दुखद सूचना दी गयी कि जाने-माने साहित्यकार विष्णु प्रभाकर जी का देहांत हो गया है। एक और दुखद समाचार यह था के बलदेव वंशी के जवान पुत्र का भी हाल ही में देहांत हो गया।
दो मिनट का मौन धारण कर के उनकी आत्माओं की शान्ति और परिवार के सदस्यों को सदमा बर्दाशत करने की हिम्मत के लिए प्रार्थना की गयी।

काव्य गोष्ठी में पढ़े गए कुछ कवियों के कुछ शे'र/ पंक्तियाँ प्रस्तुत है-

डॉ अहमद अली बर्की:
वह मैं हूँ जिसने की उसकी हमेशा नाज़बर्दारी
मगर मैं जब रूठा मनाने तक नही पंहुचा
लगा दी जिसकी खातिर मैंने अपनी जान की बाज़ी
वह मेरी कबर पर आँसू बहाने तक नही पहुँचा

अख्तर आज़मी:
ख़ुद गरज दुनिया है इसमें बाहुनर हो जाइए
आप अपने आप से ख़ुद बाखबर हो जाइये
जिसका साया दूसरों के द्वार के आंगन को मिले
ज़िन्दगी की धुप मैं ऐसा शजर हो जाइये

डॉ विजय कुमार:
प्यासी थी ये नज़रें तेरा दीदार हो गया
नज़रों में बस गया तू और तुझसे प्यार हो गया

डॉ दरवेश भारती:
इतनी कड़वी ज़बान न रखो
डोर रिश्तों की टूट जायेगी

जगदीश रावतानी:
जहाँ-जहाँ मैं गया इक जहाँ नज़र आया
हरेक शै में मुझे इक गुमां नज़र आया
जब आशियाना मेरा खाक हो गया जलकर
पड़ोसियों को मेरे तब धुँआ नज़र आया

मुनव्वर सरहदी:
ज़िन्दगी गुज़री है यूँ तो अपनी फर्जानों के साथ
रूह को राहत मगर मिलती है दीवानों के साथ

गोष्ठी का समापन दरवेश भरती जी के व्याख्यान और उनकी एक रचना के साथ हुआ। जगदीश रावतानी ने सबका धन्यवाद किया।