Showing posts with label Dr Kumar Vishwas. Show all posts
Showing posts with label Dr Kumar Vishwas. Show all posts

Friday, December 11, 2009

कैलाश गौतम स्मृति समारोह में कुमार विश्वास का काव्यपाठ


काव्यपाठ करते डॉ॰ कुमार विश्वास
इलाहाबाद।

कोई दीवाना कहता है, कोई पागल समझता है
मगर धरती की बेचैनी को बस बादल समझता है।।
मैं तुझसे दूर कैसा हूँ , तू मुझसे दूर कैसी है।
ये तेरा दिल समझता है या मेरा दिल समझता है।।



इन पंक्तियों से काव्यजगत और कविसम्मेलनी मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाकर लोकप्रियता के नये रिकार्ड कायम करने वाले युवा कवि और गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने जब खचाखच भरे एकेडेमी सभागार में माइक सम्हाला तो वातावरण मिश्रित भावों से भर उठा था। एक तरफ़ स्व.कैलाश गौतम की पुण्य तिथि के अवसर पर सहज ही उतर आयी उदासी का भाव सबके मन में बैठा हुआ था तो दूसरी ओर कैलाश जी की लिखी कविताओं के अनेक उद्धरण पूर्व वक्ताओं से सुनकर सभी श्रोता उनके विलक्षण कवित्व से आह्लादित भी थे।

कुमार विश्वास ने गौतम जी को याद करते हुए कहा कि कैलाश गौतम एक सच्चे और साहसी कवि थे। समाज की विडम्बनाओं को जिस हिम्मत और ताकत से व्यक्त करते थे वैसा बिरले लोगों में ही मिलता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कैलाश जी काव्यजगत में हमेशा अण्डरएस्टिमेटेड रहे।

अपनी कविताओं में उन्होंने आदमी की आम संवेदनाओं के विविध रूपों को प्रस्तुत किया। उनकी रूमानी कविताओं ने विशेषकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अपने अनेक प्रसिद्ध मुक्तक सुनाकार खूब तालियाँ बटोरी।

1.
बहुत टूटा बहुत बिखरा थपेडे सह नही पाया
हवाऒं के इशारों पर मगर मै बह नही पाया
रहा है अनसुना और अनकहा ही प्यार का किस्सा
कभी तुम सुन नही पायी कभी मै कह नही पाया

2.
बस्ती बस्ती घोर उदासी पर्वत पर्वत खालीपन
मन हीरा बेमोल बिक गया घिस घिस रीता तन चंदन
इस धरती से उस अम्बर तक दो ही चीज़ गज़ब की है
एक तो तेरा भोलापन है एक मेरा दीवानापन

3.
तुम्हारे पास हूँ लेकिन जो दूरी है समझता हूँ
तुम्हारे बिन मेरी हस्ती अधूरी है समझता हूँ
तुम्हे मै भूल जाऊँगा ये मुमकिन है नही लेकिन
तुम्ही को भूलना सबसे ज़रूरी है समझता हूँ


4.
पनाहों में जो आया हो तो उस पर वार करना क्या
जो दिल हारा हुआ हो उस पर फिर अधिकार करना क्या
मुहब्बत का मज़ा तो डूबने की कश्मकश मे है
हो गर मालूम गहराई तो दरिया पार करना क्या


5.
समन्दर पीर का अन्दर है लेकिन रो नही सकता
ये आँसू प्यार का मोती है इसको खो नही सकता
मेरी चाहत को दुल्हन तू बना लेना मगर सुन ले
जो मेरा हो नही पाया वो तेरा हो नही सकता



उन्होंने अपनी चुटीली व्यंग्योक्तियों से मीडिया और चैनलों पर प्रहार किया और कैलाश गौतम को याद करते हुए कहा कि कैलाश गौतम एक बड़े कवि हैं क्योंकि वे जिम्मेदारियों के बोध के कवि हैं। उन्होंने ग्लोबल विलेज की बात करते हुए कहा कि भारत में उपनिषदों में ग्लोबल विलेज की बात ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के रूप में बहुत पहले ही कही गयी है। उन्होंने अपने वक्तव्यों के माध्यम से समाज में फैली विसंगतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने देशभक्ति के जज्बे को प्रदर्शित करते हुए गीत पढ़ा-

शौहरत न अता करना मौला, दौलत न अता करना मौला।
बस इतना अता कना चाहें, जन्नत न अता करना मौला।।
शम्ए वतन की लौ पर, जब कुर्बान पतंगा हो।
होठो पर गंगा हो हाथों पर तिरंगा हो।


उन्होंने अपनी लम्बी कविता ‘पगली लड़की’ के कुछ अंश भी सुनाए जो बहुत सराहे गये।

अमावस की काली रातों में दिल का दरवाजा खुलता है,
जब दर्द की प्याली रातों में गम आंसू के संग होते हैं,
जब पिछवाड़े के कमरे में हम निपट अकेले होते हैं,
जब घड़ियाँ टिक-टिक चलती हैं,सब सोते हैं, हम रोते हैं,
जब बार-बार दोहराने से सारी यादें चुक जाती हैं,
जब ऊँच-नीच समझाने में माथे की नस दुःख जाती है,
तब एक पगली लड़की के बिन जीना गद्दारी लगता है,
और उस पगली लड़की के बिन मरना भी भारी लगता है।


इससे पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ माता सरस्वती एवं स्व० श्री कैलाश गौतम जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ श्री रामकेवल जी, श्री सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी, डॉ० शिव गोपाल मिश्र, डॉ० कुमार विश्वास ने किया। इस अवसर पर सुधांशु उपाध्याय, प्रदीप कुमार, यश मालवीय एवं कैलाश गौतम जी के मित्र एवं सहयोगियों ने कैलाश गौतम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करके भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

एकेडेमी के सचिव राम केवल जी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्व० कैलाश गौतम जी की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम एक बहुत ही छोटा सा प्रयास है जिसके माध्यम से गौतम जी को स्मरण किया जा रहा है। एकेडेमी के कोषाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी ने शाल भेंट कर आमंत्रित कवि डा० कुमार विश्वास का स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री संजय प्रसाद (आई०ए०एस०) ने कहा कि स्व० श्री कैलाश गौतम जी को मंच के माध्यम से मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हमारे समाज में जो साम्प्रदायिक जहर है उनके प्रति कवि की संवेदना मात्र रचना नहीं है। कवि की वाणी में लेखनी में हर वर्ग के लिए कोई सन्देश होता है। रचनाएं शक्ति प्रदान करती है। आदमी दुविधा में हो तो वह सही मार्ग प्रदर्शित करती है। इस शहर ने बड़े नामचीन कवियों, साहित्यकारों को जन्म दिया है। यहां के चप्पे-चप्पे में इतिहास है। सही मायने में गौतम जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उनके बताये मार्ग पर चलने का प्रयास करें। हर नागरिक की एक जिम्मेदारी होती है, उसे निभाये तो सपनों के भारत को साकार कर सकता है।

इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठत और लोकप्रिय गीतकार यश मालवीय ने स्व० कैलाश गौतम को याद करते हुए कहा कि मैं कैलाश गौतम जी के जाने के पश्चात उनको लिखी हुई एक चिट्ठी सुनाता हूं। इस चिट्ठी में मालवीय जी ने कैलाश गौतम की स्मृतियों को मार्मिक ढंग से याद करते हुए कहा कि "तुम गंगा के देवव्रत थे, तुम यमुना के बंधु जैसे थे, तुममें संस्कृतियों का संगम लहराता था। तुम झूंसी से अरैल, अरैल से किले तक शरद की धूप और चांदनी आत्मा में उतरने देते थे, कहते थे- "याद तुम्हारी मेरे संग वैसे ही रहती है, जैसे कोई नदी किले से सटके बहती है।" साथ ही यश मालवीय जी ने गौतम जी की स्मृति में एक कविता भी प्रस्तुत की।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव श्री प्रदीप कुमार जी ने कहा कि मैं गाजीपुर में था जब समाचार पत्रों में पढ़ा कि कैलाश गौतम जी नहीं रहे। सुनते ही उनकी कविता अमौसा का मेला आंखों के सामने आ गयी ऐसा लगा मानो अमौसा के मेले में सब खो गया। कैलाश गौतम देह से शहर में रहे पर मन गांव में था। कैलाश गौतम के काव्य में ग्रामीण जीवन की विसंगतियां आंखों के समक्ष आ जाती थीं वह निश्चित रूप से अतुलनीय थे।


उपस्थित श्रोतागण

श्लेष गौतम ने अपने पिता श्री कैलाश गौतम को गीतात्मक शब्दों में श्रद्धांजलि अर्पित की।

उनके गीत के बोल थे -
सूरज डूबा चांद छिपा, तारे भी टूट गये।
नेह का बन्धन बना रहा पर देह के छूट गये

उनके दूसरे गीत के बोल थे
हुआ न कोई न होई होगा पिता तुम्हारे बाद,
पल पल तुमको याद कर रहा आज इलाहाबाद।।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ० शिवगोपाल मिश्र ने कहा कि मैं कैलाश गौतम को बहुत पहले से जानता हूं। मैं उनकी ग्रामीण पृष्ठभूमि की कविताओं को पसन्द करता हूं। जो कवि जनता के बीच से आयेगा उसे शासन-प्रशासन से डर नहीं लगेगा। हमारे नये कवि कई विधाओं में काम कर रहे हैं। आज सभागार की भीड़ को देखकर प्रसन्नता हो रही कि लोग कवि गोष्ठियों में शामिल हो रहे हैं और नये लोगों को सम्मानित कर रहे हैं।


कार्यक्रम का संचालन इमरान प्रतापगढ़ी ने कैलाश गौतम से जुड़ी भावविभोर कर देने वाली यादों को स्मरण करते हुए किया। वह बीच-बीच में कैलाश गौतम से जुड़े संस्मरणों से गौतम जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए एक कविता प्रस्तुत की-

सूनी सूनी दीवारे सूना सूना ये घर है,
है उदास तारीखें और चुप कलेण्डर है।
मैंने खुद से जब पूंछा क्यों उदास मंजर है
तो दिल ये चीख कर बोला, आज नौ दिसम्बर है।


कार्यक्रम के अन्त में एकेडेमी के कोषाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Wednesday, June 24, 2009

हास्य कवि अल्हड़ बीकानेरी की स्मृति में हिन्दी भवन में शोकसभा का आयोजन


नई दिल्ली।
23 जून 2009 की शाम 5 बजे हिंदी भवन दिल्ली में हास्य व्यंग्य के प्रख्यात कवि अल्हड़ बीकानेरी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें हिंदी जगत के प्रख्यात कलमकारों, पत्रकारों, अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर-राष्ट्रीय संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक प्रतिनिधियों ने हिंदी मंच के वरिष्ठ कवि अल्हड़ बीकानेरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस शोक सभा में अधिकतर कवियों ने सपत्‍नीक भाग लिया।

हिन्दी साहित्य के जाने-माने हास्य कवि श्यामलाल शर्मा उर्फ अल्हड़ बीकानेरी का बुधवार को निधन हो गया था। वह 72 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटे और दो पुत्रियां हैं। उनके परिवार से पता चला कि अल्हड़ बीकानेरी को सांस लेने में तकलीफ के चलते पिछले गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सभा का संचालन एवं प्रारंभ करते हुए हास्य के प्रसिद्ध कवि प्रवीण शुक्ल ने कहा कि अल्हड़ जी के यहाँ मेरा आना-जाना लगा रहता था, मैं उनसे भावनात्मक रूप से इस कदर जुड़ा हुआ हूँ ये आघात सहन कर पाना मेरे लिये मुश्किल हो गया है। प्रवीण शुक्ल ने कहा कि उनके पास अल्हड़ जी की एक पुस्तक की अप्रकाशित पाण्डुलिपि रखी हुई है, जिसे अब वो प्रकाशित करवाने का कार्य करेंगे। डॉ॰ शेरजंग गर्ग व कवि हलचल हरयाणवी ने अपने श्रद्धा शब्द-सुमन अर्पित करते हुए संवेदनाएं व्यक्त की।

सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि मैं समझ नही पा रहा हूँ यह सब क्या हो रहा है? एक के बाद एक हमें यह आघात क्यों मिल रहे हैं, उन्होंने कहा अल्हड़ जी का जाना हास्य कविताओं की क्षति है, अब इस बारे में नई पीढ़ी को सोचना चाहिये, मैं तो उन्हीं के साथ का हूँ, अब वे लोग सोचें जिन्हें हास्य को आगे बढ़ाना है, यही हमारी सच्ची श्रद्धांजली होगी। मैं आगे कुछ नहीं कह पाऊँगा, मेरा मौन ही उनको श्रद्धांजली है।

प्रसिद्ध कवि बालस्वरूप राही ने बीकानेरी को छंद-ग़ज़ल का माहिर बताया और उन्हें एक शास्त्रीय कवि की संज्ञा दी। बहुतों ने अल्हड़ को हास्य कविता का सूफी कवि भी बताया।

हिंदी के वरिष्ठतम कवियों में से एक बाल कवि बैरागी ने नम आखों से उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि वह पिछले चालीस वर्षों से साथ थे। उन्हें इस तरह अचानक छोड़ कर नहीं जाना चाहिये था, वो हमारे बीच आज नहीं हैं, इस बात पर विश्वास कर पाना कठीन हो रहा है, उनका साहित्य जगत से जाना एक अपूर्णीय क्षति है।

कवि उदयप्रताप ने भी अल्हड़ के बारे में अपने संस्मरण बताते हुए श्रद्धा-सुमन भेंट किये व हास्य जगत के प्रति गहरी चिन्ता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हमारे लिये यह अत्यंत दुख की बात है कि एक हास्य का महान पुरोधा आज हमारे बीच नहीं है।

अल्हड़ के पुत्र अशोक शर्मा जो सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हरियाणा के दिल्ली स्थित कार्यालय में उप निदेशक के पद पर कार्यरत हैं, ने अपने पिता को याद करते हुए कविता की कुछ पंक्तियाँ समर्पित की, जिसे सुनकर गमगीन माहौल में भी हँसी का फ़व्वारा फूट पड़ा था। जो अल्हड़ ने उनके विवाह के अवसर पर उनके लिये लिखी थी जब उन्हें बेटे के ससुराल में पिता की अपेक्षा पुत्र समझ कर उनकी समधन ने उनसे सवाल किया था कि वह किस कॉलेज में पढ़ते हैं। बड़े दुख की बात है कि आज वही हँसी का फ़व्वारा हमारे बीच से लुप्त हो गया है।

हास्य कवि डॉ अशोक चक्रधर ने भी अपनी संवेदनाएँ प्रकट करते हुए हिन्दी-भवन के संचालक से अनुरोध किया कि अगले छः महीने तक यहाँ कोई शोक सभा न रखी जाय। एवं डॉ कुमार विश्वास ने भी अपनी संवेदनायें प्रकट की। कुमार ने कहा कि वो इस तरह हमें अकेला छोड़ गये हैं कि विश्वास नहीं होता, अभी नई पीढ़ी को उनसे बहुत कुछ सीखना था।

हिन्दी-भवन से डॉ गोविन्द व्यास ने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की व हिन्दी-भवन की ओर से एक शोक प्रस्ताव पढ़ा गया जिसमें अल्हड़ जी के जीवन की विविध घटनाओं व उपलब्धियों का जिक्र किया गया, उन्होंने बताया कि कवि अल्हड़ बीकानेरी का जन्म 17 मई 1937 को रेवाड़ी जिले के बीकानेर गांव में हुआ था। उनकी शब्द-यात्रा 1962 से गीत-गजल में पदार्पण से शुरू हुई। 1967 से उन्होंने देश-विदेश में आयोजित हास्य कवि सम्मेलनों में भाग लेना शुरू किया।

बीकानेरी की रचनाएं प्रमुख पत्र पत्रिकाओं और आकाशवाणी तथा दूरदर्शन पर प्रसारित हुईं। 1986 में उन्होंने हरियाणवी फीचर फिल्म छोटी साली के गीत कहानी का लेखन और निर्माण कार्य किया। अल्हड़ बीकानेरी ने लगभग 15 पुस्तकें लिखीं जिनमें भज प्यारे तू सीताराम, घाट घाट घूमें, अभी हंसता हूं, अब तो आंसू पोंछ, भैंसा पीवे सोम रस ठाठ गजल के रेत पर जहाज, अनछुए हाथ खोल न देना द्वार और जय मैडम की बोर रे प्रसिद्ध रहीं।

1981 में उन्हें ठिठोली पुरस्कार, दिल्ली, 1986 में काका हाथरसी पुरस्कार और वर्ष 2000 में उज्जैन का टेपा तथा कानपुर का मानस पुरस्कार मिला। वर्ष 2004 में उन्हें बदायूं का व्यंग्य श्री और नरेंद्र मोहन सम्मान, इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती जैसे सम्मानों से नवाजा गया। हरियाणा सरकार ने 2004 में उन्हें हरियाणा गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद की तरफ़ से महेश चंद्र शर्मा ने भी श्रद्धांजली अर्पित करते हुए गहरा दुख जताया।
कवयित्री डॉ सरिता शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अल्हड़ जी ही उनकी प्रेरणा रहे हैं, यह बात अन्तिम समय में उन्हें पता चली यह उनका दुर्भाग्य है कि उन्हे गुरु मानने के कुछ समय बाद ही वो हमे छोड़ चले, किन्तु इसे सौभाग्य भी कहा जा सकता है कि इतने महान कवि मेरे गुरू थे। उनका आशीर्वाद सदा हमारे साथ बना रहेगा।

कवयित्री डॉ कीर्ति काले भी वहाँ उपस्थित थीं व उन्होंने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए बेहद दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अल्हड़ जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी अर्पित हो सकती है जब मंच पर सिर्फ़ काव्य पाठ ही हो, न कि अन्य कुछ सुनाया जाये।

कवि राजेश चेतन तथा कवि दिनेश रघुवंशी जी ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए खेद प्रकट किया, राजेश चेतन ने कहा कि वे अपने कवि मित्रों तथा जो कवि नही हैं उन्हें भी समय-समय पर एस एम एस के द्वारा तमाम जानकारियां देते रहे हैं।



इसके अतिरिक्त सभा में उपस्थित काव्य जगत के सभी वरिष्ठ एवं युवा कवियों यथा कवि महेंद्र शर्मा, कवि महेंद्र अजनबी, कवि गजेंद्र सौलंकी, कवयित्री सुनीता शानू, अविनाश वाचस्पति, कवि पवन चन्दन, संपत सरल, कवि बागी चाचा, शम्भू शिखर, सतिश सागर, कवि दीपक गुप्ता, कवयित्री ऋतु गोयल, कवि हरमिंदर पाल, साधना चैनल के कार्यक्रम-निर्माता प्रवीण आर्य, आकाशवाणी के निदेशक लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, अरूण जैमिनी, कवि वेदप्रकाश तथा दिवंगत कवि के घनिष्ठम शिष्य पुरूषोत्तम बज्र इत्यादि ने भी दिवगत कवि अल्हड़ बीकानेरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।

अल्हड़ जी की निम्न पंक्तियों के साथ हम सभी हिन्द-युग्मी उन्हें सादर श्रद्धांजली अर्पित करते हैं, जो आज भी हिन्दी-भवन सभागार में गूँज रही हैं...

ख़ुद पे हँसने की कोई राह निकालूँ तो हँसूँ
अभी हँसता हूँ ज़रा मूड में आ लूँ तो हँसूँ
जिनकी साँसों में कभी गंध न फूलों की बसी
शोख़ कलियों पे जिन्होंने सदा फब्ती ही कसी
जिनकी पलकों के चमन में कोई तितली न फँसी
जिनके होंठों पे कभी भूले से आई न हँसी
ऐसे मनहूसों को जी भर के हँसा लूँ तो हँसूँ


प्रस्तुति- सुनीता शानू

Friday, June 12, 2009

ओमप्रकाश आदित्य की स्मृति में दिल्ली में हुआ शोक सभा का आयोजन


हिन्दी भवन सभागार, नई दिल्ली

10 जून 2009 के सायं 5 बजे हिंदी भवन दिल्ली में हिंदी मंचों की वाचिक परंपरा में हास्य व्यंग्य के प्रख्यात कवि श्री ओमप्रकाश आदित्य को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें हिंदी जगत के प्रख्यात कलमकारों, पत्रकारों, अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर राष्ट्रीय संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक प्रतिनिधियों ने हिंदी मंचों के वरिष्ठ कवि श्री ओमप्रकाश आदित्य, श्री नीरज पुरी एवं श्री लाड सिंह गुज्जर को श्रद्धांजलि अर्पित की। ग़ौरतलब है कि 8 जून 2009 को इन तीनों कवियों की विदिशा के एक कार्यक्रम से भोपाल लौटते वक़्त एक सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। सभा का सञ्चालन एवं प्रारंभ करते हुए हास्य के प्रसिद्द कवि सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि आदित्य जी का जाना हिंदी काव्य जगत के लिए एक अपूर्णीय क्षति है, हिंदी हास्य कविता जिनके कन्धों पर चलती थी आज हम उनको कन्धा देकर आये हैं. जिस व्यक्ति के बारे में बोलने के लिए बहुत कुछ होता है वो आज हमें ऐसी स्थिति में छोड़ गया है कि कुछ कहा नहीं जा रहा. मेरा मौन ही उनको श्रद्धांजली है।

अपडेट-
वरिष्ठ कवि ओम व्यास को अपोलो हास्पिटल, दिल्ली के न्यूरो विभाग के ICU में एडमिट किया गया है। उनकी हालत पहले से कुछ बेहतर है।
--बकौल राजेश चेतन
वरिष्ठ गीतकार डॉ कुंवर बेचैन ने कहा कि आदित्य जी से उन्हें हर कदम पर हौसला मिला उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था, कि हर कोई उनसे अपनी हर समस्या का समाधान प्राप्त कर लेता था, वो हमेशा कहते थे 'मस्त रहो'। वरिष्ठ कवि श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के कार्यक्रम में जाने से पहले मेरी उनसे फोन पर बात हुई, उनका वही अंदाज़ रहता था अल्हड़ता और मस्ती उनमे कूट-कूट कर भरी हुई थी। इस अवसर पर कवि गोपालदास नीरज ने कहा कि आदित्य को काव्य की शास्त्रियता और छंद का पूरा ज्ञान था। उन्होंने मंच पर जमने के लिए कभी चुटकुलों का सहारा नहीं लिया।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित डॉ. अशोक चक्रधर, (जो उस यात्रा में आदित्य जी के साथ भी थे) ने कहा कि आदित्य जी का कवि परिवार से अकस्मात चले जाना शायद उनके साथ हर कवि सम्मलेन में होने वाले मृत्यु के मजाक को स्मरण करवाता है। उन्होंने मंचीय कवियों से मृत्यु पर मजाक करने से परहेज करने की सलाह दी, श्री चक्रधर ने कहा कि कविसूर्य श्री ओमप्रकाश आदित्य जी की कविताओं का प्रकाश हम सब के साथ हैं, उन्होंने दुखद हृदय से कहा कि आज भी युवा पीढ़ी का कोई कवि उनकी परम्परा का निर्वाह करने के लिए मुझे आश्वास्त नहीं करता। आज हिंदी मंच पर हास्य व्यंग्य में उनकी परंपरा निभाने की जरूरत है, श्री अशोक चक्रधर ने ट्रेन में जाते हुए आदित्य जी द्बारा एक लिफाफे पर लिखी उनकी अंतिम कविता को थाती के रूप में अपने पास साधिकार रखने की घोषणा कि तो सबकी आँखें नम हो गयी। उन्होंने आगे कहा कि ओमप्रकाश आदित्य के असामयिक निधन के एक घंटे बाद रंगमंच के पितामह हबीब तनवीर का निधन हो गया। इससे एक तरफमंच खाली हुआ तो दूसरी तरफ रंग भी चला गया।

गीतकार मधुमोहिनी उपाध्याय ने कहा कि आदित्य जी का आलोक हम सब का मार्गदर्शन करता रहेगा, वो मात्र भौतिक रूप रहे हमारे बीच से चले गए हैं परन्तु उनकी कवितायें, चिंतन और दर्शन सदैव हमारे साथ है, युवा पीढ़ी के सशक्त हस्ताक्षर कवि प्रवीण शुक्ल एवं राजेश चेतन ने उन्हें भाव भीनी श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा कि आदित्य जी युवा पीढ़ी के सच्चे मार्गदर्शक थे वो सबसे घुल मिल जाते थे और हमेशा खुश रहने की ही प्रेरणा देते थे, राजेश चेतन जी ने उन्हें राष्ट्रीय कवि संगम की ओर से भी दिवंगत कवियों को श्रद्धांजली अप्रित करते हुए कहा कि पिछले वर्ष उनके आग्रह पर अस्वस्थ होते हुए भी आदित्य जी अमेरिका की यात्रा पर गए। न तो वो किसी बाधा की परवाह करते थे और न ही किसी प्रिय के आग्रह को टालते थे।

प्रसिद्ध गीतकार डॉ कुमार विश्वास ने कहा कि "आदित्य जी हमारे सुरक्षा कवच थे" पिंगल कि गहराई के साथ हास्य कहने वाले वो अद्भुत कवि थे। हम मंच के कवि उन पर गर्व करते थे कि वाचिक परंपरा में हमारे साथ एक ऐसे कवि भी हैं जिनके होने से हम साहित्य के गंभीर कवियों के समक्ष गर्व से खड़े हो सकते हैं।

रसम पगड़ी- कविवर श्री ओमप्रकाश आदित्य
19 जून 2009, समय शाम 4 बजे।
स्थान- लक्ष्मी नारायण मंदिर, मेन बाज़ार, मालवीय नगर, नई दिल्ली
प्रसिद्ध कवि श्री बाल स्वरूप राही ने कहा कि आदित्य जी के बारे में अखबार में पढ़ा, टी वी में सुना, दोस्तों से सुना पर विश्वास नहीं हो रहा की वो हमारे बीच नहीं रहे, उन्होंने कहा कि आदित्य जी ने सन 1960 में एम॰ ए॰ में प्रवेश लिया था और उसी समय मेरी उनसे मित्रता हुई। वे हास्य कवितायें ही लिखते थे और उस समय उनकी जयशंकर प्रसाद की कामायनी पर लिखी हुई हास्य पैरोडियाँ बहुत प्रचलित हो रही थीं जिसे वो कक्षा में और अपने मित्रों को सुनाते थे वहीं से उन्होंने मंचों पर जाना भी प्रारंभ किया।

सांसद और गीतकार कवयित्री प्रभा ठाकुर ने कहा कि आदित्य जी बहुत ही विलक्षण व्यक्तित्व थे उनके चेहरे पर हमेशा एक मुस्कराहट रहती थी। उन्हें कभी भी किसी ने भी तनावग्रस्त नहीं देखा। आदित्य जी के सबसे पुराने मित्रों में से एक श्री गोविन्द व्यास ने आदित्य जी को श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा कि उनका हिंदी जगत से जाना निश्चित ही एक अपूर्णीय क्षति है, उन्होंने कहा कि आदित्य जी से उनकी मित्रता बहुत पुरानी थी उनका इस प्रकार चले जाना निश्चित ही दुखदायी है।

हिंदी फिल्मों के प्रसिद्द गीतकार श्री संतोष-आनंद ने कहा कि मेरी स्थिति कुछ ऐसी है कि-
फलसफी को बहस के अन्दर खुदा मिलता नहीं
डोर को सुलझा रहा है और सिरा मिलता नहीं
ओमप्रकाश आदित्य उनके लगभग 50 वर्षों से मित्र थे, संतोष-आनंद जी ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए बताया कि वो अकेले ही थे जो आदित्य जी को प्यार से "अबे ओमी" कहकर बुलाया करते थे और वो उन्हें संतोष कहते थे। श्री संतोषानंद जी कहा कि उन्होंने आदित्य जी के साथ 5-5 रुपये के पारिश्रमिक के साथ कवि सम्मलनों के शुरूआत की थी। उन्होंने कहा कि आदित्य जी फिल्मों के भी शोकीन थे और हम दोनों साथ दारा सिंह की फिल्में देखते थे तथा दिल्ली में तांगे में साथ घूमते थे, आज उनका सफ़र पूरा हो गया और हिंदी जगत में काव्य मंचों पर एक ऐसा स्थान रिक्त हो गया जिसको भर पाना शायद ही संभव हो।

दिल्ली सरकार की भाषा एंव स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने इस अवसर पर कहा कि कवि ओमप्रकाश का निधन समूचे साहित्य जगत के लिए अपूर्णिय क्षति है। उन्होंने कहा कि जिस जगह दिवंगत कवि का घर है, उस सड़क का नामकरण कवि के नामपर करने का प्रस्ताव सरकार के समक्ष लेकर जाएगीं।

हिंदी कि वरिष्ठतम कवियों में से एक श्री बाल कवि बैरागी ने पत्र द्बारा अपनी संवेदना प्रकट करते हुए लिखा कि "अगर मैं ईश्वर से लड़ सकता तो आदित्य जी के प्राण उस से छीन कर ले आता" वो हमारे बीच आज नहीं हैं इस बात पर सहज ही विश्वास नहीं हो पाता" उनका साहित्य जगत से जाना एक अपूर्णीय क्षति है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, ने भी पत्र के माध्यम से आदित्य जी, नीरज पुरी एवं लाड सिंह गुज्जर को श्रद्धांजली अर्पित करते हुए उनके हिंदी जगत में अविस्मरणीय योगदान को नमन किया, मध्य प्रदेश प्रशासन, राष्ट्रीय कवि संगम के संयोजक श्री जगदीश मित्तल, हिन्दयुग्म से शैलेश भारतवासी ने भी हिंदी के इन मूर्धन्य कवियों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।

सभा में अनेक साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं प्रमुखतः राष्ट्रीय कवि संगम, अक्षरम, विद्या भारती, हिन्दयुग्म ने भी श्री ओमप्रकाश आदित्य जी, श्री नीरज पुरी, और श्री लाड सिंह गुज्जर को श्रद्धांजली अर्पित की और जीवन से जूझ रहे, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कवि श्री ओम् व्यास 'ओम' के जल्द स्वस्थ होने की कामना की अक्षरम संस्था के माध्यम से बहुत से विदेशों में बसे हिंदी श्रोताओं के शोक सन्देश भी दिवंगत कवियों को नमन करते हए पढ़े गए।

इसके अतिरिक्त सभा में उपस्थित काव्य जगत के सभी वरिष्ठ एवं युवा कवियों, डॉ सरोजनी प्रीतम, डॉ सरिता शर्मा, महेंद्र शर्मा, महेंद्र अजनबी, संपत सरल, बागी चाचा, शम्भू शिखर, ऋतू गोयल, चिराग जैन, हलचल हरयाणवी, अरुण मित्तल "अद्भुत", हरमिंदर पाल, दिनेश रघुवंशी, गजेन्द्र सोलंकी, नरेश शांडिल्य ने भी दिवंगत हुए महान कवियों को श्रद्धांजली अर्पित करते हुए नमन किया अंत में सुरेन्द्र शर्मा ने मध्य प्रदेश एवं दिल्ली सरकार एवं प्रशासन का दुर्घटना के बाद हर प्रकार के सहयोग पर आभार व्यक्त किया, कवि परिवार ने जहाँ इस घटना कि खबर को महत्त्व देने के लिए मध्य प्रदेश मीडिया का भी आभार व्यक्त किया वहीं दिल्ली के समाचार पत्रों एवं अन्य मीडिया पर उनकी उदासीनता के लिए आक्रोश भी व्यक्त किया। सुरेन्द्र शर्मा ने हिन्द-युग्म के बैठक मंच द्वारा अरुण मित्तल 'अद्भुत' द्वारा ओमप्रकाश आदित्य के स्मरण में लिखे गये आठ पृष्ठीय आलेख का विशेष उल्लेख किया।

प्रस्तुति- अरुण मित्तल 'अद्भुत'